शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज (सीआईएस) की ओर से दिल्ली रोड स्थित होटल ओएसिस में अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर ‘सौहार्द (ऑल मेंबर्स मीट)’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, व्यापार, बैंकिंग, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े 250 से अधिक उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा उद्योगों के समग्र विकास पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी द्वारा प्रार्थना के साथ किया गया। इसके बाद पद्मश्री स्वामी भारत भूषण, पूर्व आईजी सीआरपीएफ भानु प्रताप सिंह, एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा के सहायक निदेशक अवधेश कुमार तथा प्रख्यात शायर डॉ. नवाज़ देवबंदी सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
महासचिव अमित चौधरी ने संस्था की गत तिमाही की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि चैंबर उद्योग, व्यापार, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक गतिविधियों के माध्यम से लगातार अपने सदस्यों को एक मंच पर जोड़ रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था से वर्तमान में 430 से अधिक सदस्य जुड़े हैं तथा सभी गतिविधियों की जानकारी डिजिटल माध्यमों के जरिए नियमित रूप से साझा की जाती है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में रविंद्र मिगलानी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने बताया कि देश में लगभग 8.50 करोड़ एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं, जिनसे करीब 40 करोड़ लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिला हुआ है। उत्तर प्रदेश में लगभग 96 लाख एमएसएमई इकाइयों से 1.65 करोड़ से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज उद्योगों के साथ-साथ सेवा क्षेत्र का भी प्रभावी प्रतिनिधित्व कर रहा है और लगातार नए सदस्यों का जुड़ना संस्था की विश्वसनीयता का प्रमाण है।
पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने संस्था द्वारा औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और उद्योग एक-दूसरे के पूरक हैं।
पूर्व आईजी सीआरपीएफ भानु प्रताप सिंह ने कहा कि चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज ने कम समय में उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। संस्था के संरक्षक अमर गुप्ता एवं चेयरमैन एच.एस. चड्ढा ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला एवं मंडलीय उद्योग बंधु के माध्यम से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में हाल ही में जुड़े नए सदस्यों का सदस्यता प्रमाण-पत्र, कॉलर पिन, अंगवस्त्र एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रख्यात शायर डॉ. नवाज़ देवबंदी ने अपनी ग़ज़लों और शेरो-शायरी से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एलर्ड इंटरप्राइजेज के विजेंद्र त्रिपाठी ने इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा उपकरण की जानकारी देते हुए बताया कि यह तकनीक शॉर्ट सर्किट की संभावनाओं को कम करने में सहायक है। डीसीबी बैंक की शाखा प्रबंधक शालू चौहान ने बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं एमएसएमई क्षेत्र के लिए उपलब्ध वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण शर्मा, सहारनपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवकुमार गौड़ तथा व्यापारी नेता नवीन मक्कड़ को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संदीप शर्मा ने किया, जबकि अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष नीरज मिड्ढा ने सभी अतिथियों, उद्यमियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








