मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुंडीखेड़ी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र निम ने भाजपा कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों और सेक्टर संयोजकों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना तथा राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद विधायक देवेंद्र निम ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का संकल्प आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इसके उपरांत केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा महा जनसंपर्क अभियान चलाया गया। विधायक देवेंद्र निम ने मुंडीखेड़ी, शेरपुर और जनधेड़ा गांवों में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
देवेंद्र निम ने कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। इसी विश्वास के बल पर पार्टी जनसेवा और विकास कार्यों को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।








