Saharanpur Pulse Polio Campaign: पुलिस लाइन से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 5.09 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

सहारनपुर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ पुलिस लाइन से किया गया। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। जनपद में 5.09 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित पोलियो बूथ से अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. प्रवीण कुमार ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, क्योंकि अभियान के दौरान यदि एक भी बच्चा छूट जाता है तो संक्रमण का खतरा बना रह सकता है।

सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन, विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से भारत ने पोलियो उन्मूलन की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जनपद में वर्ष 2009 के बाद पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया, जबकि देश में वर्ष 2011 के बाद से कोई नया पोलियो मरीज दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभियान में सभी पात्र बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे परिवारों को प्रेरित करें जो किसी कारणवश अपने बच्चों को पोलियो की खुराक नहीं पिलाते। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो ड्रॉप पहुंचाना केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि इस बार जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5,09,306 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे तथा पोलियो प्रतिरोधी परिवारों से विशेष संवाद स्थापित कर उन्हें जागरूक किया जाए।

कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एसएमओ डॉ. आनंद गौतम, अपर शोध अधिकारी विनोद कुमार, पीसीआई की गुलफशा, जेएसआई के शाने हैदर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने और जनपद के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पहुंचाने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य