शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सहारनपुर परिक्षेत्र में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक), पुलिस मुख्यालय लखनऊ ने सहारनपुर परिक्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक शामली, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
एडीजी ट्रैफिक ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहे और आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। इसके लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तथा आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, फायर एवं एंबुलेंस सेवाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाओं का समय से परीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
एडीजी ट्रैफिक ने कहा कि श्रावण कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन की मजबूत रणनीति तैयार की जाए। सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा रही हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।








