शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर नगर निगम की बोर्ड बैठक में वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सफाई कर्मियों के वेतन, व्यापारियों पर बढ़ाए गए लाइसेंस शुल्क और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी मेहनत के अनुरूप वेतन मिलना चाहिए।
पार्षद टिंकू अरोड़ा ने बोर्ड बैठक में जोरदार तरीके से सफाई कर्मियों के वेतन बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सफाई कर्मियों का वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिस पर आखिरकार बोर्ड ने सकारात्मक निर्णय लिया। उन्होंने इसे सफाई कर्मचारियों के सम्मान और उनके अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में उन्होंने नगर निगम द्वारा विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क में भारी वृद्धि का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम वर्गीय व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। लाइसेंस शुल्क के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
टिंकू अरोड़ा ने नगर निगम में ब्लैकलिस्ट किए जा चुके ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे ठेकेदार अब भी निगम के कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से उन्हें संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि ब्लैकलिस्ट ठेकेदारों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों—रायवाला कपड़ा मार्केट, वुडन सिटी, लकड़ी बाजार, कम्बोह पुल और हिरण मारण मार्केट—में बाहर से आने वाले व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुविधा के लिए ठंडे पानी के फ्रिज लगाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इससे शहर की व्यापारिक छवि मजबूत होगी और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा पार्षद ने नगर निगम के तीनों जोन में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए लंबे समय से लंबित वन विंडो सिस्टम लागू करने की मांग भी दोहराई। नगर आयुक्त ने इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान टिंकू अरोड़ा ने कहा कि वे आगे भी नगर और आम जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे तथा व्यापारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष जारी रहेगा।








