शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना फतेहपुर क्षेत्र में संचालित एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर निर्मित एवं अर्धनिर्मित हथियारों सहित भारी मात्रा में शस्त्र निर्माण के उपकरण बरामद किए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक ने किया।
एसपी देहात ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शस्त्रों की तस्करी, बिक्री और निर्माण के खिलाफ जनपदभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में फतेहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में बने एक कमरे पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रोहित उर्फ बाबा पुत्र रजनेश निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बिहारीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो 12 बोर पोना बंदूक, छह अर्धनिर्मित तमंचे, चार नाल, सात जिंदा कारतूस तथा ग्राइंडर, हथौड़ी, रेती, आरी, स्प्रिंग, गैस सिलेंडर, रेगमाल और अन्य शस्त्र निर्माण उपकरण बरामद हुए। मौके से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक साथी के साथ सुनसान स्थान पर अवैध हथियार तैयार कर राह चलते लोगों एवं अपराधियों को ऊंचे दामों पर बेचता था। इससे होने वाली कमाई दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे। घटना के समय उसका साथी ग्राहक की तलाश में बाहर गया हुआ था, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना फतेहपुर में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि जनपद में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और अपराधियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।








