शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली मंडी क्षेत्र से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने मस्जिद में उर्दू पढ़ाने के दौरान नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पोक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार 27 जून को पीड़िता की मां ने थाना मंडी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि असद कॉलोनी निवासी जावेद पुत्र मंजूर, जो मस्जिद में उर्दू पढ़ाता था, उसने उनकी नाबालिग पुत्री को मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना मंडी में बीएनएस की धारा 65(2) तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5(एम)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चिलकाना रोड स्थित एक नाई की दुकान के सामने से आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। मामले की विवेचना जारी है तथा पुलिस सभी साक्ष्यों को संकलित कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन राणा एवं कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।








