शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर ।महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत सोमवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल इन सेवाओं का उपयोग करें। टीमों ने भरोसा दिलाया कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है और प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता कार्यक्रम में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी देकर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय भी विस्तार से बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने (स्टॉकिंग), साइबर उत्पीड़न और अन्य महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध बिना किसी भय के शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराधों की रोकथाम ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने पुलिस टीमों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।
सहारनपुर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि महिला सुरक्षा से जुड़े अभियानों में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा महिला उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।








