शहरी चौपाल ब्यूरो
Saharanpur । सहारनपुर शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर विधायक राजीव गुंबर ने दो अलग-अलग वार्डों में करीब 20.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराने के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
सबसे पहले विधायक राजीव गुंबर ने वार्ड संख्या-12 में विधायक निधि से लगभग 12.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण परियोजना का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या-53 स्थित चौधरी विहार में विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल की विकास निधि से लगभग 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शुभारंभ किया। दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।

इस अवसर पर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं। शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, जल निकासी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है और इसके लिए लगातार योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक क्षेत्र में लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर शहर को आधुनिक एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई गोयल, पार्षद कुमारी सीमा, निशांत शर्मा, मंडल अध्यक्ष संदीप धीमान, मनुज तायल, प्रेमपाल कटारिया, सर्वेष्ठ गुप्ता, अनेश शर्मा, यशपाल पुंडीर, किरण चोपड़ा, हिमांशु गर्ग, राजीव सैनी, ठाकुर गुरचरण सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी।








