Devband Politics News: देवबंद में भाजपा नेता अनिल सिंह पुंडीर ने खोला जनसंपर्क कार्यालय, राघव लखनपाल का 25 साल जीत के दावे पर बड़ा हमला

देवबंद में भाजपा नेता ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ किया। पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने 25 साल तक जीत का दावा करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा किसी की बपौती नहीं है। पढ़ें पूरी खबर।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

देवबंद । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की संभावित तैयारियों के बीच देवबंद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने विधानसभा टिकट की दावेदारी के संकेत देते हुए देवबंद के इंडस्ट्रियल एरिया में जनसमस्याओं के समाधान के लिए अपने जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही, जबकि हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ ने कार्यक्रम को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी करोड़ों कार्यकर्ताओं का संगठन है और यह किसी एक व्यक्ति की बपौती नहीं है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग 25 वर्षों तक लगातार जीत का दावा करते हैं, वे अहंकार और गलतफहमी में हैं। भाजपा में टिकट का निर्णय कार्यकर्ताओं की भावना, संगठन की राय और जनता के विश्वास के आधार पर होता है।

उन्होंने कहा कि ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर एक मजबूत और सक्रिय नेता हैं, जिन्हें सर्वसमाज का समर्थन प्राप्त है। उनके कार्यालय के माध्यम से किसानों, मजदूरों और आम लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जाएगा, जिससे जनता को राहत मिलेगी।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य शशि त्यागी ने भी अपने संबोधन में कहा कि देवबंद में वर्षों से एक अहंकारी नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया और फर्जी मुकदमे दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ता और जनता दोनों ऐसे रवैये का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए तैयार हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष मेलाराम पवार और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरीश मलिक ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं और क्षेत्र की अपेक्षाओं को पार्टी हाईकमान तक पूरी मजबूती से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को मास्टर विजेंद्र चौधरी, अरविंद राणा, विकास त्यागी, दीपक राज सिंघल और ठाकुर सुरेंद्र पाल एडवोकेट सहित कई वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेलाराम पवार ने की, जबकि संचालन पूर्व भाजपा जिला मंत्री पंकज त्यागी ने किया।

समारोह में राम ठाकुर, रिच्छू सिंह राणा, राघव पुंडीर, रोहित कौशिक, आचार्य वासुदेव, कान्हा राणा, सत्य राणा, विकास पुंडीर, बिट्टू गुर्जर, विजेंद्र सिंह, अमरीश राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजक ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में उमड़ी हजारों समर्थकों की भीड़ और लगातार गूंजते “जय श्रीराम” के नारों ने देवबंद की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव से पहले इस आयोजन ने क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियों को और तेज कर दिया है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य