शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर नगर निगम की नियमित जनसुनवाई में बुधवार को शहर के विभिन्न वार्डों से नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, नाली सफाई, पेयजल पाइपलाइन और सफाई व्यवस्था से जुड़ी कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से दो समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वार्ड संख्या 39 हिम्मतनगर निवासी भूप सिंह आर्य तथा वार्ड संख्या 41 शारदा नगर निवासी राहुल शर्मा ने अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की सफाई नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अपर नगरायुक्त ने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों और सफाई मित्रों की टीम मौके पर भेजी, जिन्होंने तत्काल नालियों की सफाई कराकर दोनों समस्याओं का समाधान कर दिया।
इसके अलावा वार्ड संख्या 13 आकाशपुरम कॉलोनी निवासी अंशु अग्रवाल ने चकहरेटी स्थित पराग डेरी के पास नाले की सफाई, वार्ड संख्या 27 लक्की परिसर निवासी मोहर सिंह ने नाले-नालियों की सफाई तथा वार्ड संख्या 4 ग्वालीरा निवासी मोहन त्यागी ने दुकानों के सामने पड़े मलबे को हटाने की मांग की। इन मामलों में क्षेत्रीय अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में अतिक्रमण की शिकायतें भी प्रमुखता से उठीं। वार्ड संख्या 26 मानकमऊ निवासी जगदीश प्रसाद ने दुकानों के सामने गेट लगाकर किए गए अतिक्रमण की शिकायत की, जबकि वार्ड संख्या 19 न्यू गोपाल नगर निवासी अक्षय राजदेव ने क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। अपर नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल को दोनों मामलों का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार वार्ड संख्या 33 द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी चौधरी विक्रम सिंह ने स्ट्रीट लाइट खराब होने तथा वार्ड संख्या 11 निवासी राजकुमार ने पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। संबंधित विभागों को शीघ्र मरम्मत कर नागरिकों को राहत देने के निर्देश जारी किए गए।
अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाकर प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।








