CM Yogi Saharanpur Visit: मुख्यमंत्री योगी ने 613 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात, एयरपोर्ट, एसटीपी और शाकंभरी कॉरिडोर पर बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में 613 करोड़ रुपये की 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, एसटीपी, शाकंभरी कॉरिडोर, रोवर पैमाइश अभियान और ओडीओपी वुड कार्विंग को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर जनपद को 613 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए विकास और विरासत के समन्वय को प्रदेश सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने सहारनपुर नगर एवं सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्रों की कुल 10 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 32 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सात परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की तीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा।

महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि “मजबूत विरासत की नींव पर ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। विकास केवल सड़क और भवनों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह अर्थव्यवस्था, रोजगार और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बनता है।”

इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने पंचायत भवन, नगर निगम जोनल कार्यालय एवं ई-कॉन्फ्रेंस हॉल, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर एवं वर्किंग वूमेन हॉस्टल, पांवधोई-ढमोला संगम पहुंच मार्ग, नवाबगंज-जेल चुंगी मार्ग चौड़ीकरण तथा एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर जैसी परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

वहीं 577 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 135 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना, आईटीआई भवन विस्तार तथा प्लास्टिक प्रोसेसिंग वर्कशॉप निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।

 

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्रमाण पत्र

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, कृषि यंत्रीकरण योजना तथा ओडीओपी योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, टूलकिट और चाबियां प्रदान कीं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को 6.73 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक भी सौंपा गया।

रोवर तकनीक से होगी भूमि पैमाइश

मुख्यमंत्री ने प्रदेशव्यापी रोवर आधारित पैमाइश अभियान का भी शुभारंभ किया, जो 1 जुलाई से 15 अगस्त तक संचालित होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक रोवर तकनीक से भूमि की इंच-इंच सटीक पैमाइश संभव होगी, जिससे राजस्व विवाद कम होंगे और पारदर्शिता बढ़ेगी। इस अवसर पर रोवर तकनीक के लाभों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

सहारनपुर के विकास की झलक दिखाती रही फिल्म

कार्यक्रम में पिछले नौ वर्षों में सहारनपुर में हुए विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, सड़कें, औद्योगिक विकास और अन्य परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

वुड कार्विंग की मुख्यमंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सहारनपुर की विश्वप्रसिद्ध वुड कार्विंग की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी यहां के कारीगरों ने अपनी परंपरा को जीवित रखा। आज एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना के माध्यम से सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी विश्व बाजार में पहचान बना चुकी है और 600 करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात हो रहा है।

सहारनपुर को जल्द मिलेगा अपना एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बनने के बाद अब सहारनपुर हवाई कनेक्टिविटी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरसावा एयरपोर्ट के विकसित होने के बाद लोगों को दिल्ली या देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण, एसटीपी परियोजना और शाकंभरी कॉरिडोर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं सहारनपुर की तस्वीर बदल देंगी।

मां शाकंभरी कॉरिडोर बनेगा आस्था का नया केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि शाकंभरी देवी धाम में एलिवेटेड कॉरिडोर और आधुनिक फैसिलिटेशन सेंटर का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद वर्षभर किसी भी मौसम में श्रद्धालुओं को दर्शन में कठिनाई नहीं होगी।

बृजेश सिंह बोले— मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता का उदाहरण है सहारनपुर

लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले नौ वर्षों में कई बार सहारनपुर का दौरा कर यह साबित किया है कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे जिले की भी सरकार समान चिंता करती है। उन्होंने शाकंभरी क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री के तत्काल पहुंचने को उनकी संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।

जसवंत सैनी ने कानून व्यवस्था और निवेश का किया उल्लेख

राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। प्रदेश में निवेश तेजी से बढ़ा है और लाखों युवाओं को पारदर्शी ढंग से सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव गुंबर, देवेंद्र निम, मुकेश चौधरी, कीरत सिंह, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, यूपी सिडको अध्यक्ष वाई.पी. सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, प्रदीप चौधरी, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक धर्म सिंह सैनी, जगपाल सिंह, नरेश सैनी, पूर्व महापौर संजीव वालिया, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों नागरिक मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य