CM Yogi Saharanpur: सहारनपुर मंडल में 3282 करोड़ की 1188 विकास परियोजनाओं की समीक्षा, सांसद-विधायकों को प्राथमिकता तय करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में 3282.44 करोड़ रुपये की 1188 विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। सांसदों और विधायकों को 15 जुलाई तक प्राथमिकता तय करने और 15 अगस्त तक शिलान्यास कराने के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सहारनपुर मंडल में प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सांसद और विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की प्रस्तावित परियोजनाओं की प्राथमिकता तत्काल तय करें, ताकि विकास कार्यों को बिना विलंब के धरातल पर उतारा जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि को प्रस्तावित योजनाओं में संशोधन या नया सुझाव देना हो तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों को 15 जुलाई 2026 तक स्वीकृति देकर धनराशि जारी कर दी जाए तथा 15 अगस्त 2026 तक अधिकतम परियोजनाओं का शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ कराया जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए ताकि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हों। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि समय पर उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग ने मुख्यमंत्री को बताया कि सहारनपुर मंडल में 3282.44 करोड़ रुपये की लागत से 1188 विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 6 स्टेट हाईवे, 68 एमडीआर एवं ओडीआर सड़कें, एक बाईपास, 5 धर्मार्थ परियोजनाएं, एक लॉजिस्टिक एवं औद्योगिक परियोजना, 5 आईएससी सड़कें, 504 चीनी मिल संपर्क मार्ग, 155 नए सड़क निर्माण कार्य, 2 सीआरआईएफ सड़कें, 4 सड़क सुरक्षा परियोजनाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में 60 बड़े एवं लघु पुल, शहरी क्षेत्रों में 2 पुल, 6 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा 369 सड़कों के मरम्मत कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार होता है। इसलिए जिन परियोजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, सांसद चंदन चौहान, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, देवेंद्र निम, कीरत सिंह, एमएलसी वंदना वर्मा, वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रसन्न कुमार, मदन भैया, राजपाल सिंह बालियान, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य