शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) अम्बाला मंडल के सहायक राष्ट्रीय महामंत्री मनमीत सिंह तथा मंडल अध्यक्ष नीतीश शर्मा के सहारनपुर आगमन पर रेलवे कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। रेलवे अधिकारी रेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर दोनों नेताओं का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल संगठन मंत्री अजय कुमार बिरला ने कहा कि संगठन की मजबूती कर्मठ, ईमानदार और समर्पित साथियों की बदौलत ही संभव होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं मंडल पदाधिकारियों का सहारनपुर आगमन रेलवे कर्मचारियों के लिए उत्साहवर्धक है। यह दौरा शाखा सचिव रामप्रीत के सेवानिवृत्ति समारोह में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं देने के साथ-साथ संगठन को नई दिशा देने के उद्देश्य से भी किया गया।
सहायक राष्ट्रीय महामंत्री मनमीत सिंह ने सहारनपुर की यूथ विंग को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी युवाओं से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए यूनियन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन अत्यंत आवश्यक है।
मंडल अध्यक्ष नीतीश शर्मा ने रेलवे अधिकारी रेस्ट हाउस में सहारनपुर की चारों शाखाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने शाखा पदाधिकारियों से कर्मचारियों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी शक्ति है।
बैठक के दौरान विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय एवं मंडल नेतृत्व का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति स्वरूप शॉल एवं पुष्पमालाएं भेंट कीं। इस अवसर पर संगठन की भावी रणनीति, सदस्यता विस्तार और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में अजय कुमार बिरला, गौतम सैनी, रवि शंकर, रामप्रीत, उपेंद्र गुप्ता, संजय कुमार, बाबू राम, समील दास, विजय प्रभाकर, परविंदर, अनुज कुमार, राजेंद्र सिंह, राजन वत्स, अर्जुन बालियान, राकेश राणा, योगेश पंवार, अमित शर्मा, प्रवेश गुर्जर, मुकेश कुमार, शमशुद्दीन, रोहित कुमार, गौरव चौहान, मनोज कुमार, विजय कुमार, नवीन कुमार, जितेंद्र चौहान, मधुकर शर्मा, भगवान गिरी, राजेश कुमार, सुभाष चंद्र, ब्रह्मपाल, पुनीत कुमार, ललित कुमार, विशाल जोशी, रवि बालियान सहित बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय नेतृत्व के स्वागत और संगठनात्मक बैठक के साथ कार्यक्रम का समापन कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।








