शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक जून से दोबारा शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत बड़े, मझौले और छोटे नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। अभियान पूरे वर्षा काल में लगातार जारी रहेगा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि महानगर में कुल 316 नाले हैं, जिनमें चार बड़े, 276 मझौले और 36 छोटे नाले शामिल हैं। लगभग 168 किलोमीटर लंबे इन नालों की पहली चरण की सफाई तीन मार्च से 31 मई तक कराई गई थी। मानसून को देखते हुए अब एक जून से पुनः सफाई अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत प्रतिदिन सात मझौले नालों की सफाई की जा रही है। जिन नालों में पीछे से लगातार कचरा बहकर आता है, उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है।
नगर निगम ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एक दर्जन से अधिक पोकलेन मशीनें, तीन जेसीबी, छह ट्रैक्टर, छह टिपर और तीन रोबोटिक मशीनों सहित दर्जनों वाहन लगाए हैं। नालों से निकाली जा रही शिल्ट का उठान भी साथ-साथ कराया जा रहा है। जहां शिल्ट अधिक गीली होती है, वहां अगले दिन उसका उठान कराया जाता है, ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
डॉ. प्रवीण शाह ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों और प्रतिष्ठानों का कूड़ा नालों और नालियों में न डालें, बल्कि निगम के सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही जलभराव और गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद ने बताया कि पांवधोई की सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिसकी व्यापार बंधु से जुड़े व्यापारियों ने सराहना की है। नगर निगम का लक्ष्य है कि मानसून के दौरान शहर में जल निकासी सुचारु रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।








