शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । वाराणसी जोन में आयोजित 51वीं प्रादेशिक क्लस्टर उत्तर प्रदेश पुलिस (जूडो, वुशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट) प्रतियोगिता-2026 में सहारनपुर पुलिस की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर जनपद का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में मिली इस उपलब्धि के बाद गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने विजेता खिलाड़ियों को चैंपियनशिप शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
21 से 24 जून 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में सहारनपुर पुलिस की चार टीमों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जूडो (पुरुष एवं महिला वर्ग) में दो टीमों ने चैंपियनशिप हासिल की, जबकि महिला वुशु और महिला ताइक्वांडो वर्ग में भी सहारनपुर पुलिस की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और टीम भावना को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि सहारनपुर पुलिस ने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
एसएसपी ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह, अनुशासन और लगन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सहारनपुर तथा उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के खिलाड़ी आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।
प्रतियोगिता में शानदार सफलता के बाद पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने भी अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और टीम भावना को दिया।
सहारनपुर पुलिस की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कानून व्यवस्था के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी जिले के पुलिसकर्मी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सफलता युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनने के साथ ही खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी।








