सहारनपुर: भगवान परशुराम चौक पर अतिक्रमण हटाने की मांग तेज, नगर निगम पर पक्षपात का आरोप

सहारनपुर के भगवान परशुराम चौक पर पंजाब बेकरी के कथित अतिक्रमण को हटाने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी विजय शर्मा ने नगर आयुक्त सहित उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर के भूतेश्वर मंदिर मार्ग स्थित भगवान परशुराम चौक पर कथित अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। भगवान श्री परशुराम चौक सेवा समिति एवं श्री भूतेश्वर नगर विकास मंच के संस्थापक एवं प्रधान विजय शर्मा ने नगर आयुक्त, जिलाधिकारी, मंडलायुक्त, नगर मजिस्ट्रेट तथा प्रदेश सरकार के नगरीय विकास विभाग सहित कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि नगर निगम एक विशेष दुकानदार के अतिक्रमण को बचाने के लिए अन्य व्यापारियों को परेशान कर रहा है।

प्रार्थना पत्र में विजय शर्मा ने बताया कि चौक स्थित एक बेकरी संचालक ने नाले के बाहर सड़क की भूमि पर वर्षों पहले सीमेंट का स्थायी काउंटर बनाकर कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। आरोप है कि इसी अतिक्रमण के कारण चौक के सुंदरीकरण और यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि तीन वर्ष पूर्व नाले की सफाई के दौरान आसपास के कई अतिक्रमण हटाए गए थे, लेकिन उक्त निर्माण प्रभावशाली लोगों की सिफारिश के चलते बच गया।

उन्होंने दावा किया कि फरवरी 2026 में चौक से ट्रांसफार्मर हटाए जाने और क्षेत्र के सुंदरीकरण के बाद भी संबंधित दुकानदार ने अपना अतिक्रमण नहीं हटाया। नगर निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत हाल ही में नगर निगम की टीम ने अन्य दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर निशानदेही कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी, जिससे स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है।

विजय शर्मा का आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि जिस अतिक्रमण से वास्तविक समस्या उत्पन्न हो रही है, उसे हटाने के बजाय अन्य दुकानदारों को कार्रवाई के दायरे में लाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केवल एक व्यक्ति को बचाने के लिए अन्य लोगों को परेशान किया गया तो क्षेत्र में जनआक्रोश उत्पन्न हो सकता है।

समिति की ओर से मांग की गई है कि भगवान परशुराम चौक पर स्थित कथित अवैध निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर हटाकर चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराया जाए तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाए।

उधर, इस संबंध में नगर निगम की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। यदि निगम प्रशासन अपना पक्ष देता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य