Behat News: बेहट विधानसभा में पेयजल, सड़क और रोजगार सबसे बड़ी चुनौती, मुजतबा मलिक ने उठाए विकास के मुद्दे

सहारनपुर के छुटमलपुर में कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुजतबा मलिक ने बेहट विधानसभा की बदहाल सड़कें, पेयजल संकट और रोजगार की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए स्थानीय प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने की मांग की।

प्रमोद शर्मा 

छुटमलपुर (सहारनपुर) । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट मुजतबा मलिक ने कहा कि बेहट विधानसभा आज भी विकास के कई महत्वपूर्ण मानकों पर पिछड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से पेयजल संकट, जर्जर संपर्क मार्ग, बेरोजगारी और जंगल क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिसके कारण क्षेत्र की जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है।

आर्य नगर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मुजतबा मलिक ने कहा कि बेहट विधानसभा के अधिकांश गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं है और गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में हैं, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण हजारों युवाओं को प्रतिदिन उत्तराखंड के भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने के लिए जाना पड़ता है। यदि क्षेत्र में उद्योगों और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएं तो स्थानीय युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मुजतबा मलिक ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस हाईकमान के समक्ष बेहट विधानसभा से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन बना रहता है तो यह दोनों दलों के लिए सकारात्मक होगा। वहीं यदि गठबंधन नहीं होता है तो पार्टी हाईकमान जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगा, उसका निर्णय सभी कार्यकर्ताओं को स्वीकार होगा।

उन्होंने स्थानीय प्रत्याशी को टिकट दिए जाने की वकालत करते हुए कहा कि बाहरी उम्मीदवार क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को उतनी गहराई से नहीं समझ पाते, जितना स्थानीय व्यक्ति समझ सकता है। उनका मानना है कि क्षेत्र के विकास, रोजगार, पेयजल, सड़क और जंगल क्षेत्र से जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान के लिए स्थानीय नेतृत्व को अवसर मिलना चाहिए।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी बेहट विधानसभा की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर अब्दुल हसीब, मनोज चौधरी, अरविंद कांबोज, याहिया मलिक, कारी आबिद, रामबीर सिंह, पदम सिंह, कुद्दूस मलिक, प्रवीण चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य