शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास की जयंती पर शुक्रवार को अंबाला रोड स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके सिद्धांतों और आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का भी संकल्प दोहराया गया।
जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास समाजवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। उनका सादगीपूर्ण जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
समाजवादी पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश शर्मा ने कहा कि चौधरी रामशरण दास ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने हमेशा सादा जीवन और उच्च विचार की नीति पर चलते हुए संगठन को नई दिशा देने का काम किया। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही समाजवादी आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यालय प्रभारी एवं पार्टी प्रवक्ता फैसल सलमानी ने स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि उन्होंने उनके सानिध्य में राजनीति की बारीकियां सीखीं। उन्होंने कहा कि चौधरी रामशरण दास का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह निष्कलंक रहा और उन्होंने जीवनभर पार्टी एवं समाज के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। ऐसे व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर समाजवादी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।
सभा में उपस्थित नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएगी और प्रदेश में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में जनता समाजवादी पार्टी को पुनः सत्ता में लाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी।
कार्यक्रम में अमित जाटव, मुस्तकीम राणा, कासिफ अल्वी, आशु, राजपाल दीक्षित, देव कुमार सनी, वेदपाल सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।








