शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत सहारनपुर में शुक्रवार को सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण, चित्रकला प्रतियोगिता और पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
सहारनपुर रेंज के ग्राम सीड़की स्थित एमएसडी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। इसके बाद विद्यालय परिसर में आम और सहजन सहित 46 पौधों का पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में लगभग 65 लोगों की उपस्थिति रही। इसके साथ ही ‘आम बहार आपके द्वार’ योजना के तहत आम और सहजन के 26 पौधों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण से बचने, जल संरक्षण अपनाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में बेहट रेंज के जनता इंटर कॉलेज में भी वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विद्यालय परिसर में 10 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। बढ़ते तापमान और पर्यावरण असंतुलन को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार घटते वन क्षेत्र और बढ़ते प्रदूषण के कारण पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में समाज की सहभागिता से चलाए जा रहे अभियान भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी चांदनी सिंह ने बताया कि 1 से 7 जुलाई तक चल रहे वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जिलेभर में पौधरोपण, जनजागरूकता अभियान, विद्यालयों में प्रतियोगिताएं और पौध वितरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और हर परिवार तक पौधारोपण का संदेश पहुंचाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और हरित सहारनपुर के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।








