शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर सहारनपुर में अग्निशमन विभाग ने फायर सेफ्टी को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय में अग्निशमन विभाग की ओर से व्यापक निरीक्षण और मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेज प्रताप के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल परिसर में स्थापित फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच की और उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) और आपदा के समय संयम बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी गई।
मॉकड्रिल के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने, आग फैलने से रोकने, मरीजों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा किसी व्यक्ति के फंस जाने पर उसे सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभ्यास से वास्तविक आपदा की स्थिति में नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेज प्रताप ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद के अस्पतालों, होटलों, कोचिंग सेंटरों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच की जा रही है। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई जा रही है, वहां आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और संस्थानों में पुरानी या जर्जर विद्युत वायरिंग को समय रहते बदलवाएं, क्योंकि शॉर्ट सर्किट आग लगने की प्रमुख वजह बनता है। साथ ही गैस एवं बिजली से जुड़े उपकरणों की समय-समय पर जांच कराना भी जरूरी है।
अस्पताल प्रशासन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आग या संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें, अलार्म सिस्टम सक्रिय करें और उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करने में देर न करें। उन्होंने यह भी कहा कि फायर सेफ्टी उपकरणों की समय-समय पर टेस्टिंग और रखरखाव बेहद आवश्यक है।
मॉकड्रिल के दौरान महिला सीएमएस डॉ. सुधा सिंह, अग्निशमन अधिकारी तेज प्रताप, ऋषभ पवार, राहुल कुमार सहित डॉक्टर, नर्सें और बड़ी संख्या में अस्पताल कर्मचारी उपस्थित रहे।








