IIA Saharanpur New Chairman 2026: एस. कुमार अरोड़ा ने संभाली कमान, एमएसएमई और वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योगों को मिलेगी नई दिशा

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर के नए चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने कार्यभार संभालते हुए एमएसएमई, वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग, नए निवेश और उद्योगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए वरिष्ठ उद्योगपति एस. कुमार अरोड़ा को आईआईए सहारनपुर चैप्टर का चेयरमैन मनोनीत किए जाने के बाद शुक्रवार को ट्रेड सेंटर, प्रताप मार्केट स्थित आईआईए भवन में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। उद्योग जगत के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत कर नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा ने कहा कि संगठन की गौरवशाली परंपरा के अनुसार प्रत्येक वर्ष नई नेतृत्व टीम को जिम्मेदारी सौंपी जाती है। उन्होंने कहा कि एस. कुमार अरोड़ा पिछले कई वर्षों से संस्था के सक्रिय एवं समर्पित सदस्य रहे हैं। वे लगातार छह वर्षों तक चार राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ अब सहारनपुर चैप्टर को मिलेगा।

पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज ने कहा कि एस. कुमार अरोड़ा एक दूरदर्शी उद्योगपति और कुशल संगठनकर्ता हैं। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (फिसमे) में भी छह वर्षों तक कोषाध्यक्ष का दायित्व निभाकर अपनी प्रशासनिक एवं वित्तीय क्षमता का परिचय दिया है। उनका नेतृत्व निश्चित रूप से सहारनपुर के उद्योग जगत को नई ऊर्जा देगा।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद एस. कुमार अरोड़ा ने राष्ट्रीय नेतृत्व एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडलीय एवं जिला उद्योग बंधु की बैठकों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों के अनुरूप सहारनपुर में नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा। एमएसएमई इकाइयों को सशक्त बनाने, उद्योगपतियों की समस्याओं का समाधान कराने और संगठन की सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सहारनपुर के विश्व प्रसिद्ध वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग और निर्यात कारोबार को नई गति देने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।

पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक गांधी, आर.के. धवन, प्रमोद सडाना सहित अन्य वरिष्ठ उद्योगपतियों ने विश्वास व्यक्त किया कि एस. कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में आईआईए सहारनपुर चैप्टर संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा तथा उद्योगों और शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

वरिष्ठ सदस्य राजेश सपरा और संदीप कपूर ने कहा कि नए नेतृत्व के अनुभव और सकारात्मक सोच से उद्योगों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी तथा नए उद्यमियों को भी संगठन से जुड़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर अशोक गांधी, आर.के. धवन, प्रमोद सडाना, अनूप खन्ना, सरदार हरजीत सिंह, अशोक छाबड़ा, सुरेंद्र मोहन कालड़ा, परमजीत सिंह, राजकुमार अरोड़ा, अनुज कुमार जैन, शिवम गोयल, संजय कपूर, प्रेम क्वात्रा, मनोज कुमार जैन, सतीश अरोड़ा, पुनीत डंग, अनिल अग्रवाल, वीरेंद्र अवस्थी, आदित्य अवस्थी, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं आईआईए सदस्य उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य