शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) ने वर्ष 2026-27 के लिए अपनी केंद्रीय टीम का गठन करते हुए सहारनपुर के वरिष्ठ उद्योगपति एवं निर्यातक प्रमोद सदाना को नेशनल वाइस प्रेसिडेंट मनोनीत किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल द्वारा की गई इस नियुक्ति के साथ उन्हें संगठन की नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न चैप्टरों के समन्वय, सदस्यता विस्तार तथा उद्योगों की समस्याओं के समाधान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रमोद सदाना वर्तमान में सुहाग इम्पेक्स के मैनेजिंग पार्टनर हैं। उनकी कंपनी सहारनपुर के प्रसिद्ध वुडन हैंडीक्राफ्ट उत्पादों का निर्माण और निर्यात करती है। उन्हें उद्योग एवं निर्यात क्षेत्र में लगभग 28 वर्षों तथा मैनेजमेंट सिस्टम, क्वालिटी, स्किल डेवलपमेंट और MSME कंसल्टेंसी में 23 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
IIA में उनका योगदान भी उल्लेखनीय रहा है। इससे पहले वे नेशनल वाइस प्रेसिडेंट (स्किल डेवलपमेंट), नेशनल सेक्रेटरी और चेयरमैन, सहारनपुर चैप्टर जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे सहारनपुर हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट सेंटर के निदेशक तथा सहारनपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए प्रमोद सदाना ने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता सहारनपुर और मुरादाबाद जोन के सभी चैप्टरों को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना, उद्योगों के साथ नियमित संवाद स्थापित करना तथा विशेष सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक उद्यमियों को IIA से जोड़ना होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के वुडन हैंडीक्राफ्ट, ब्रास उद्योग और MSME इकाइयों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
प्रमोद सदाना की इस नियुक्ति पर सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के उद्योगपतियों, निर्यातकों तथा IIA पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और उद्योगों के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती से आवाज मिलेगी।








