शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र से लेकर गागलहेड़ी और फतेहपुर तक पूरे मार्ग का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान गागलहेड़ी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, बिहारीगढ़ थाना प्रभारी, फतेहपुर थाना प्रभारी तथा उत्तराखंड पुलिस के संबंधित थाना प्रभारी अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने उत्तराखंड सीमा से शुरू होने वाले कांवड़ मार्ग पर संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बैरिकेडिंग, डायवर्जन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर ऐसे स्थानों को भी चिन्हित किया, जहां कांवड़ियों की अधिक भीड़ रहने की संभावना रहती है। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक नियंत्रण और त्वरित सहायता व्यवस्था सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य करेगी, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और दोनों राज्यों की पुलिस के बीच निरंतर समन्वय स्थापित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त गश्त और त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था भी लागू रहेगी।
श्रावण मास में लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर सहारनपुर मार्ग से विभिन्न जनपदों की ओर प्रस्थान करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस बार सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं को पहले से अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी कर रहा है।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।








