शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गाजियाबाद में 5 जुलाई 2026 को आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कॉलेज ऑफ जनरल प्रैक्टिशनर्स (CGP) की नॉर्थ जोन कॉन्फ्रेंस में सहारनपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनदीप सिंह को IMA CGP Fellowship से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के साथ वे सहारनपुर के पहले ऐसे चिकित्सक बन गए हैं जिन्हें IMA CGP और IMA AMS दोनों प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फैलोशिप प्राप्त हुई हैं।
सम्मेलन में IMA मुख्यालय के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जे. नायक, राष्ट्रीय सचिव डॉ. सर्वरी दत्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. पीयूष जैन, डीन डॉ. शोभा आहूजा, राष्ट्रीय सचिव डॉ. अमूथा करुणानिधि सहित उत्तर प्रदेश एवं विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश से पैटर्न डॉ. शरद अग्रवाल, अध्यक्ष डॉ. राजीव गोयल, सचिव डॉ. आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. वानी पुरी, फैकल्टी डायरेक्टर डॉ. संदीप जैन तथा सचिव डॉ. अभिनव अग्रवाल भी सम्मेलन में उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विशेष रूप से अस्पतालों की फायर एनओसी, चिकित्सा संस्थानों की सुरक्षा, चिकित्सकों के प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर IMA के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जे. नायक ने बताया कि वर्ष 2028 में IMA अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करेगा। इस ऐतिहासिक अवसर को देशभर में भव्य रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि आम जनता को IMA की सेवाओं, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की व्यापक जानकारी मिल सके।
उन्होंने देशभर की IMA शाखाओं से नई दिल्ली में निर्माणाधीन IMA भवन के लिए बिल्डिंग फंड में सहयोग देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का मजबूत आधार भविष्य में चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं के हित में और प्रभावी कार्य करने में सहायक होगा।
डॉ. मनदीप सिंह को मिली इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर सहारनपुर के चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है। चिकित्सकों ने इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी और विश्वास जताया कि उनका अनुभव चिकित्सा सेवाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।








