शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में वार्ड संख्या 48 स्थित विनय नगर में नमो पार्क के निकट करीब 12.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण परियोजना का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने महापौर का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए विकास कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, स्वच्छ जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर का समग्र विकास तभी संभव है, जब उसके प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास हो। इसलिए नगर निगम प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक विकास कार्यों को तेजी से पूरा करा रहा है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सहारनपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों और नगर निगम के समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि शहर में लगातार सड़क, नाली, पार्क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि विनय नगर क्षेत्र में बनने वाली नई सीसी सड़क और नाली से स्थानीय लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम होगा। बरसात के मौसम में जल निकासी बेहतर होने से क्षेत्रवासियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, पार्षद दिग्विजय चौहान, मुकेश गक्खड़, ज्योति अग्रवाल, नामित पार्षद मनीष सचदेवा, अरुण गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि अनिल शर्मा, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अमित गर्ग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को गति देता रहेगा, जिससे सहारनपुर का समग्र विकास और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ सके।








