मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) सहारनपुर चैप्टर की एडवाइजरी बोर्ड बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी और उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर भी सहारनपुर को बड़ी जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय उद्यमियों में उत्साह का माहौल है।
प्रताप मार्केट स्थित आईआईए ट्रेड सेंटर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व चैप्टर चेयरमैन के.एल. अरोड़ा ने की। चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने वर्ष 2026-27 के लिए सहारनपुर चैप्टर के तीन पदाधिकारियों के नाम अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किए, जिन्हें एडवाइजरी बोर्ड के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा ने नई टीम की घोषणा करते हुए बताया कि सतीश अरोड़ा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अनुज कुमार जैन को चैप्टर सचिव तथा सुरेंद्र मोहन कालड़ा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने केंद्रीय कार्यकारिणी का गठन करते हुए सहारनपुर के वरिष्ठ उद्यमी प्रमोद सडाना को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया।
बैठक में पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज, के.एल. अरोड़ा, अशोक गांधी, संजय बजाज, अनूप खन्ना सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवमनोनीत टीम का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज ने कहा कि नई कार्यकारिणी अनुभवी और सक्रिय उद्यमियों की टीम है, जिससे संगठन को नई दिशा मिलेगी। वहीं के.एल. अरोड़ा ने कहा कि संगठन की गतिविधियां उद्योग एवं व्यापार से सीधे जुड़ी हों, ताकि अधिक से अधिक उद्यमियों को उसका लाभ मिल सके। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया।
चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और उद्यमियों को अधिक से अधिक सुविधाएं दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
नवनिर्वाचित वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश अरोड़ा ने सदस्यता अभियान को गति देने की बात कही, जबकि चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने उद्योगों से संबंधित विभागीय कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन का आश्वासन दिया। कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा ने संगठन की वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उद्योगों के समक्ष मौजूद चुनौतियों, एमएसएमई क्षेत्र के विकास और सहारनपुर के औद्योगिक विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया और संगठन को उद्योग जगत की मजबूत आवाज बनाने का भरोसा जताया।








