शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत जनपद के 44 उपनिरीक्षकों (एसआई) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार कई प्रमुख चौकियों और थानों के प्रभारी बदले गए हैं। थाना सरसावा से उपनिरीक्षक गौरव कुमार को चौकी प्रभारी कैम्प (थाना सदर बाजार) बनाया गया है। लोकेश सिंह को तल्हेड़ी बुजुर्ग चौकी से खलासी लाइन चौकी, अतुल कुमार को कुतुबशेर चौकी से पिलखनी चौकी तथा सुंदर सिंह को गोपाली चौकी से नुमाईश कैम्प चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं संदीप अधाना को खानकाह चौकी से पेपर मिल चौकी भेजा गया है।
स्थानांतरण सूची में देवबंद, सदर बाजार, कुतुबशेर, नागल, बेहट, नकुड़, गंगोह, मिर्जापुर, गागलहेड़ी, रामपुर मनिहारान, कोतवाली देहात, जनकपुरी, बड़गांव और अन्य थाना क्षेत्रों में तैनात उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी व्यापक बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को पुलिस लाइन से चौकी और थाना प्रभार सौंपे गए हैं, जबकि कुछ को चौकियों से अन्य थानों एवं पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में सभी पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरण आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना विलंब अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना और संवेदनशील क्षेत्रों में बेहतर निगरानी सुनिश्चित करना है। आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस बल का पुनर्गठन आवश्यक माना गया।
सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए चौकी प्रभारियों के दायित्वों में परिवर्तन किया गया है, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती हो सके। पुलिस विभाग का मानना है कि इस फेरबदल से जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण, यातायात, सभी क्षेत्राधिकारियों, संबंधित थाना प्रभारियों, प्रतिसार निरीक्षक, सोशल मीडिया सेल एवं अन्य संबंधित शाखाओं को भेज दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा में नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें और आगामी कांवड़ यात्रा सहित अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को सफल एवं सुरक्षित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।








