सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: दूषित टोमैटो सॉस फैक्ट्री सीज, 550 किलो सॉस नष्ट

सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने देवबंद रोड स्थित टोमैटो सॉस फैक्ट्री पर छापा मारकर 550 किलो संदिग्ध सॉस नष्ट कराया और उत्पादन मशीन सीज कर दी। टोमैटो सॉस व व्हाइट विनेगर के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

Sharanpur । जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए देवबंद रोड स्थित एक टोमैटो सॉस निर्माण इकाई पर छापा मारकर करीब 550 किलोग्राम संदिग्ध टोमैटो सॉस नष्ट करा दिया। विभाग ने फैक्ट्री की उत्पादन मशीन को अगले आदेश तक सीज कर दिया है, जबकि टोमैटो सॉस और व्हाइट विनेगर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने देवबंद रोड स्थित सरस्वती कॉलोनी के निकट संचालित पाल ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान का संचालन आकाश पाल द्वारा किया जा रहा था।

निरीक्षण के दौरान टीम को चार बड़े बर्तनों में लगभग 550 किलोग्राम टोमैटो सॉस पैकिंग के लिए तैयार अवस्था में मिला। फैक्ट्री की निर्माण प्रक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही पूरे संदिग्ध स्टॉक को नष्ट करा दिया ताकि यह बाजार तक न पहुंच सके।

टीम ने विधिक प्रक्रिया के तहत टोमैटो सॉस एवं व्हाइट विनेगर के नमूने एकत्र कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत उत्पादन कार्य तत्काल प्रभाव से बंद कराते हुए निर्माण मशीन को सीज कर दिया गया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद में मिलावटी, नकली और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन करें। यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उसके विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, शिवनाथ तथा महेश कुमार सहित विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी औचक निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य