अमित उपाध्याय
सहारनपुर। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के क्रम में थाना चिलकाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर युवती को कपड़े दिलाने का झांसा देकर होटल ले जाने, नशीला पदार्थ पिलाने और उसके बाद दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना चिलकाना में लिखित तहरीर देकर बताया कि आरोपी उसे कपड़े खरीदवाने के बहाने होटल ले गया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी द्वारा धमकी भी दी गई।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चिलकाना में मुकदमा संख्या 217/2026 धारा 78, 64(1), 123 एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी सावेज पुत्र अल्ताफ निवासी ग्राम पटनी, थाना चिलकाना को पटनी तिराहे के निकट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार सोलंकी एवं कांस्टेबल अंकुर सागर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी महिला या युवती के साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना होती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाया जा सके। सहारनपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।








