शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों के साथ जनपद के संपूर्ण कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, डायवर्जन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने बड़कला बॉर्डर, काली नदी चौकी बॉर्डर, गागलहेड़ी, देहरादून चौक, घंटाघर, अंबाला रोड, शाहजहांपुर चौकी तथा सरसावा बॉर्डर तक पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कांवड़ मार्ग पर लगातार पुलिस गश्त, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, सड़क किनारे साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, वैकल्पिक यातायात मार्गों तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसएसपी ने विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








