श्रावण कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर पुलिस की व्यापक सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था लागू

श्रावण कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर सहारनपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए हैं। कांवड़ मार्गों पर सेक्टर-जोन व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी और प्रमुख शिवालयों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध लागू कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कांवड़ मार्गों की मैपिंग कर सेक्टर एवं जोन व्यवस्था तैयार की गई है। इसके साथ ही अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जा रही हैं तथा 24 घंटे सक्रिय रहने वाली मोबाइल पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 21 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। यात्रा मार्गों पर प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा ताकि कांवड़ियों को निर्बाध आवागमन मिल सके। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा इसका उपयोग सामान्य वाहनों के लिए किया जाएगा।

प्रमुख शिवालयों एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। लगभग 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की मदद से समर्पित कंट्रोल रूम से पूरे कांवड़ मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण, अत्यधिक ऊंची झांकियां, स्टंटबाजी, संशोधित साइलेंसर वाले वाहन तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर भी 24×7 निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोका जा सके।

इसके अलावा कांवड़ सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ भोजन, शुद्ध पेयजल तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी कांवड़ियों एवं आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सहारनपुर पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित एवं घटना-मुक्त संपन्न कराना है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा प्रत्येक व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य