शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर/मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने मुजफ्फरनगर रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, एलआईयू और कांवड़ सेल के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कांवड़ यात्रा के लिए तैयार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। अधिकारियों को यात्रा मार्ग, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस, कंट्रोल रूम संचालन, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने पिछले वर्षों में कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई चुनौतियों, दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संभावित जोखिमों का आकलन किया तथा उनके प्रभावी समाधान पर चर्चा की। निर्देश दिए गए कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पूर्व से ही मजबूत सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
एडीजी भानु भास्कर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। यात्रा मार्ग का भौतिक सत्यापन किया जाए, पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा उनकी 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। चेतावनी एवं सूचना संबंधी बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाए जाएं और प्रभावी बैरिकेडिंग के साथ निर्बाध यातायात व्यवस्था कायम रखी जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा बिजली, स्वास्थ्य, नगर निकाय, अग्निशमन और अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों से कहा गया कि वे नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें और किसी भी कमी का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।








