शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री गुरु रविदास सेना भारत संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मेरठ में दलित समाज की बेटी ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 8 जुलाई 2026 को मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दलित समाज के लोग शांतिपूर्ण ढंग से जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दे रहे थे। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा धरना स्थल का गेट बंद कर दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर अपनी मांगें रख रहे थे। इसी दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने और महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदर्शन के बाद कई लोगों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज किए गए, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा दोषी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय को निलंबित किए जाने की भी मांग उठाई गई।
संगठन के प्रतिनिधियों का कहना था कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के तहत शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार प्राप्त है और किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन शासन तक नियमानुसार भेज दिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय सलाहकार सचिन गौतम, सलाहकार संजीव एडवोकेट, संदीप कुमार, नरेंद्र गौतम, मेघराज एडवोकेट, नाथीराम एडवोकेट, सुरेश पाल एडवोकेट, अतर सिंह एडवोकेट सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








