शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी के जुलाई के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित सहारनपुर दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
हकीकत नगर स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं पूर्व राज्यमंत्री चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि त्रिलोक त्यागी अपने सहारनपुर प्रवास के दौरान संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों और इकाइयों की समीक्षा करेंगे। साथ ही कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की जिम्मेदारियों और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव अब अधिक दूर नहीं हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। पार्टी संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्रिलोक त्यागी का सहारनपुर आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और संगठन को नई दिशा देगा।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव योगेश प्रताप सिंह तथा वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी ने कहा कि इस बार सहारनपुर जनपद से भी राष्ट्रीय लोकदल बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के दम पर पार्टी विधानसभा चुनाव में उल्लेखनीय सफलता हासिल करेगी।
बैठक में त्रिलोक त्यागी के स्वागत कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपने तथा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने पर सहमति बनी। पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ चुनावी तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष रिंकू सोनकर, महानगर अध्यक्ष अरविंद मलिक, महासचिव आरिफ मलिक, मोनू कुमार, कमल सोनकर, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने के प्रयास में जुटा है। ऐसे में त्रिलोक त्यागी का सहारनपुर दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








