सहारनपुर: हत्या के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी नीरज गुजराल गिरफ्तार

सहारनपुर के थाना कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और 72 हजार रुपये वसूलने के आरोप में वांछित नीरज गुजराल उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया। आरोपी को खुमरान पुल के पास से दबोचा गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने तथा पीड़ित से 72 हजार रुपये वसूलने के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर खुमरान पुल के पास से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार माधव नगर निवासी पंकज अरोड़ा ने 9 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहल्ला जाफरनवाज निवासी नीरज गुजराल उर्फ मोनू ने उन्हें हत्या के एक फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि इस मामले को दबाने के नाम पर आरोपी ने पांच लाख रुपये की मांग की तथा दबाव बनाकर 72 हजार रुपये भी ले लिए।

शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0-164/2026 के तहत धारा 308(6) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली नगर पुलिस ने खुमरान पुल के पास से आरोपी नीरज गुजराल उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नीरज गुजराल उर्फ मोनू पुत्र अश्वनी गुजराल, मोहल्ला जाफरनवाज, नागपाल आटा चक्की के निकट, थाना कोतवाली नगर, सहारनपुर का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना जनकपुरी में हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट एवं अन्य धाराओं का मुकदमा तथा वर्ष 2023 में थाना कोतवाली नगर में मारपीट, घर में घुसकर हमला, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज है। वर्तमान रंगदारी प्रकरण सहित आरोपी के खिलाफ अब तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कोतवाली नगर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह एवं आरक्षी विदित राज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य