Saharanpur News: भारी बारिश में पार्षद मंसूर बदर ने संभाला मोर्चा, जलभराव हटवाकर बहाल कराई पेयजल व्यवस्था

सहारनपुर में भारी बारिश के बीच पार्षद मंसूर बदर ने इस्लामिया स्कूल, आनंद नगर और पुरानी मंडी क्षेत्र में जलभराव हटवाकर राहत दिलाई। ट्यूबवेल चालू कराकर पेयजल व्यवस्था बहाल कराई और नगर निगम टीम के साथ मौके पर डटे रहे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐसे समय में वार्ड के पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर स्वयं नगर निगम की टीम के साथ सड़कों पर उतर आए और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य की कमान संभाली। इस्लामिया स्कूल बॉयज के सामने लगभग चार फीट तक भरे पानी को निगम की मशीनों और कर्मचारियों की मदद से निकलवाया गया, जिससे स्थानीय लोगों और नमाजियों को बड़ी राहत मिली।

शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण इस्लामिया इंटर कॉलेज बॉयज, आनंद नगर, पुरानी मंडी, मुरादाबाद हाउस तथा आसपास के इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। कई स्थानों पर ट्यूबवेलों में पानी भर जाने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई। हालात की जानकारी मिलते ही पार्षद मंसूर बदर मौके पर पहुंचे और नगर निगम अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाते हुए राहत कार्य शुरू कराया।

उन्होंने बताया कि इस्लामिया स्कूल बॉयज के सामने जलभराव के कारण लोगों को नमाज के लिए मस्जिद तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही थी। नगर निगम गैराज विभाग से मशीनें मंगवाई गईं और सफाई नायक बृजमोहन व उनकी टीम की मदद से बंद पड़े नालों की तत्काल सफाई कराई गई। नालों से अवरोध हटते ही करीब 15 मिनट के भीतर पानी की निकासी शुरू हो गई और सड़क सामान्य हो गई।

इसके अलावा पुल कंबोह के समीप गुलमर्ग इम्पेक्स क्षेत्र में भी बंद नाले को खुलवाकर जलभराव की समस्या दूर कराई गई। पार्षद ने महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार से संपर्क कर इस्लामिया स्कूल, आनंद नगर और पुरानी मंडी क्षेत्र के बड़े ट्यूबवेलों को दोबारा चालू कराया। वहीं खटीकों के कुएं पर स्थापित मिनी ट्यूबवेल में बिजली का एक फेस खराब होने की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग से तत्काल संपर्क कर उसे भी ठीक कराया गया, जिससे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति बहाल हो सकी।

पार्षद मंसूर बदर ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि मौके पर पहुंचकर उनका समाधान कराना भी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम की पूरी टीम लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरि, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, गैराज विभाग और नगर निगम के सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत कार्य संभव हो सका।

स्थानीय लोगों ने भी पार्षद द्वारा मौके पर पहुंचकर किए गए प्रयासों की सराहना की। उनका कहना था कि जलभराव के दौरान जनप्रतिनिधि का स्वयं मौके पर मौजूद रहना और अधिकारियों के साथ मिलकर समस्या का समाधान कराना राहत देने वाला कदम है।

राहत कार्य के दौरान उस्मान मलिक, जावेद मलिक, बाबा नवाब, राशिद, गुड्डू भाई, शाहिद जुबैरी, इमरान मंत्री, बिलाल अंसारी, ज़ाकिर, अलमास, इस्माइल पेंटर, चौधरी फूल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य