शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर के सबसे विकसित और पॉश इलाकों में गिनी जाने वाली दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी इन दिनों टूटी सड़कों, जाम नालियों और जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रही है। लगातार हो रही बारिश ने कॉलोनी की बदहाल स्थिति को और उजागर कर दिया है। सड़कें जगह-जगह से उखड़ चुकी हैं, नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और बरसाती पानी के साथ गंदा पानी सड़कों पर बहने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कॉलोनी का हाल देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो यह किसी ग्रामीण क्षेत्र की सड़क हो, जबकि यह शहर की प्रतिष्ठित कॉलोनियों में शामिल है। बारिश के दौरान कई स्थानों पर इतना अधिक जलभराव हो जाता है कि दोपहिया वाहन फिसल जाते हैं और चारपहिया वाहनों का निकलना भी चुनौती बन जाता है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी के अध्यक्ष सुभाष त्यागी ने बताया कि वे कई बार कॉलोनीवासियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त से मिल चुके हैं। प्रत्येक बार सड़क निर्माण, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने का आश्वासन मिला, लेकिन आज तक कोई स्थायी कार्य शुरू नहीं हो सका। उनका कहना है कि कॉलोनी के लोग नियमित रूप से नगर निगम को कर देते हैं, इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात के मौसम में नालियों की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो जाती है। परिणामस्वरूप गंदा पानी कई घंटों तक सड़कों पर जमा रहता है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। कई परिवारों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से इस गंभीर समस्या को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। वर्षों से सड़क निर्माण और नालों के सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन धरातल पर केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, जबकि शहर की प्रमुख कॉलोनी की यह स्थिति नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
कॉलोनीवासियों ने महापौर और नगर आयुक्त से अपील की है कि वे स्वयं बारिश के दौरान सेंट्रल पार्क कॉलोनी का निरीक्षण करें। उनका कहना है कि यदि अधिकारी मौके पर पहुंचेंगे तो उन्हें यहां रहने वाले लोगों की वास्तविक परेशानियों का अंदाजा हो सकेगा। लोगों ने मांग की है कि कॉलोनी की सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, नालियों की व्यापक सफाई कराई जाए तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए।
सेंट्रल पार्क कॉलोनी के निवासियों को अब भी उम्मीद है कि नगर निगम प्रशासन उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा और शहर की इस प्रमुख कॉलोनी को उसकी पहचान के अनुरूप बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।








