Saharanpur News: दिनारपुर की नई कॉलोनी बनी झील, जल निकासी ठप होने से लोगों में आक्रोश

सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र स्थित दिनारपुर की नई कॉलोनी लगातार बारिश के बाद जलमग्न हो गई। कॉलोनीवासियों ने हाईवे अथॉरिटी के नाले की ऊंचाई और सफाई न होने को जलभराव का कारण बताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

श्रीकांत शर्मा

गागलहेड़ी (सहारनपुर)। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने गागलहेड़ी क्षेत्र के दिनारपुर स्थित नई कॉलोनी के निवासियों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई है और गलियां किसी झील का दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं। लोगों का आरोप है कि हाईवे अथॉरिटी द्वारा बनाए गए नाले की ऊंचाई अधिक होने और वर्षों से उसकी सफाई न होने के कारण बारिश का पानी कॉलोनी से बाहर नहीं निकल पा रहा है।

स्थानीय निवासी बारू यादव, चंद्रपाल यादव, भगवती, कुलदीप, मुकेश सैनी, अनुज, संदीप, गौरव, सोनू और सत्यप्रकाश ने बताया कि नाले के निर्माण के समय ही उन्होंने अधिकारियों को इसकी डिजाइन और ऊंचाई को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि यदि उस समय उनकी बात पर ध्यान दिया जाता तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। अब थोड़ी सी बारिश भी पूरी कॉलोनी को जलभराव की चपेट में ले लेती है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। कई घरों के बाहर पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन पानी में फंस रहे हैं और लोगों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।

कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि हाईवे अथॉरिटी द्वारा बनाए गए नाले की आज तक समुचित सफाई नहीं कराई गई। नाले में गाद और कूड़ा जमा होने से पानी का प्रवाह पूरी तरह बाधित हो गया है। परिणामस्वरूप बारिश का पानी कॉलोनी में जमा होकर लोगों के लिए मुसीबत बन रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले की सफाई और तकनीकी सुधार कर दिया जाता तो आज उन्हें इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

लोगों ने प्रशासन और हाईवे अथॉरिटी से मांग की है कि नाले की ऊंचाई का तकनीकी परीक्षण कराया जाए, उसकी तत्काल सफाई कराई जाए और स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर दिनारपुर की नई कॉलोनी में साफ दिखाई देती है, जहां लोग हर बारिश में जलभराव की समस्या झेलने के लिए विवश हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य