प्रमोद शर्मा
छुटमलपुर (सहारनपुर)। फतेहपुर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब दो माह के भीतर क्षेत्र में कई मकानों, दुकानों और संस्थानों को चोरों ने निशाना बनाया है। लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी बड़ी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
ताजा घटना फतेहपुर-कलसिया मार्ग स्थित ठाकुर चंद्रपाल आईटीआई परिसर में संचालित मशरूम उत्पादन केंद्र की है। बीती रात चोर चिलिंग प्लांट में घुसकर स्टार्टर, कंप्रेसर और रेडिएटर से लगभग 90 किलो तांबे के तार सहित अन्य उपकरण खोलकर ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने प्लांट के अन्य उपकरणों में भी तोड़फोड़ की। आईटीआई अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह ने बताया कि चोरी से संस्थान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की तहरीर थाना फतेहपुर में दे दी गई है।
इससे पहले 3 जुलाई को देहरादून रोड स्थित बंसल आयरन स्टोर में चोर दीवार तोड़कर अंदर घुस गए थे और करीब 1.22 लाख रुपये की नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी नहीं कर सकी।
27 मई को कृष्ण धाम कॉलोनी निवासी अमनदीप के मकान में खिड़की तोड़कर घुसे चोर 30 हजार रुपये नकद, सोने का गले का सेट, मंगलसूत्र, नथ, टीका, अंगूठियां और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर ले गए थे। इस मामले में भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
इसके अलावा 12 मई को फतेहपुर तिराहे पर रहने वाले फैसल के घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर से 10 हजार रुपये नकद, दो गैस सिलेंडर और जेवरात लेकर फरार हो गए थे। इस घटना का भी आज तक कोई खुलासा नहीं हो सका।
लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इन घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।
क्षेत्रवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि फतेहपुर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की जाए तथा लंबित चोरी की सभी घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम रह सके।








