शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को रायवाला स्थित नगर निगम के पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख सचिव कृषि एवं कृषि रक्षा तथा जनपद के नोडल अधिकारी रविन्द्र एवं महापौर डॉ. अजय कुमार ने “एक पेड़ मां के नाम” और “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा एनसीसी कैडेट्स ने भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में प्रमुख सचिव रविन्द्र ने कहा कि वर्तमान वर्ष सुपर अल-नीनो का वर्ष है, जिसके कारण पर्यावरण में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानव और प्रकृति का रिश्ता अत्यंत संवेदनशील है तथा पेड़-पौधों से हमारा संबंध केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन, भोजन और भविष्य से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि यदि मानव जाति को सुरक्षित और संतुलित भविष्य देना है तो पेड़ों के साथ अपना कोमल रिश्ता बनाए रखना होगा। आज जो हम प्रकृति के साथ कर रहे हैं, उसके परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ेंगे। इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सहारनपुर को कार्बन न्यूट्रल शहर बनाने की दिशा में नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने गूलर, जामुन, शहतूत जैसे फलदार एवं पर्यावरण हितैषी वृक्षों के अधिकाधिक रोपण पर बल देते हुए कहा कि पशु-पक्षियों का संरक्षण और हरित वातावरण ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2030 तक पौधारोपण में 15 प्रतिशत वृद्धि का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, सहारनपुर उस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है।
उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि प्रभाकर उद्यान में अभियान के तहत कुल 10 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे शहर के हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
इससे पूर्व अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, अपर नगरायुक्त एवं वरिष्ठ उद्यान प्रभारी मृत्युंजय, उपसभापति मयंक गर्ग तथा क्षेत्रीय पार्षद गौरव जैन ने प्रमुख सचिव एवं महापौर का स्वागत किया। महापौर ने नगर निगम की ओर से तथा डीएफओ विपुल सिंघल ने प्रमुख सचिव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार, सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव, विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, पार्षद मुकेश गक्खड़, सुभाष चंद, चौधरी वीरसेन सिद्धू, मनोज प्रजापति, अहमद मलिक, नीरज शर्मा, गौरव जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेन्द्र आज़म ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण तैयार करने का जनआंदोलन है। सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई।








