शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर के भैय्या बाग स्थित प्राथमिक पाठशाला खाकरोबान के बाहर लगे अंडरग्राउंड मिनी ट्यूबवेल की मुख्य पाइपलाइन फटने से क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित हो गई। पाइपलाइन से तेज दबाव के साथ लगातार पानी निकलने के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई और सड़क का एक हिस्सा खोखला होकर क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने रविवार के अवकाश के बावजूद तत्काल नगर निगम के जलकल एवं गैराज विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन जमीन से करीब चार से पांच फीट नीचे फटी थी। तेज जलदबाव के चलते सड़क के नीचे की मिट्टी कटती चली गई, जिससे सड़क के धंसने का खतरा पैदा हो गया। साथ ही इलाके में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने के बाद पार्षद मंसूर बदर ने बिना देर किए नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। जलकल विभाग की टीम, गैराज शाखा के कर्मचारी और पानी निकालने वाली मशीनों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद युद्धस्तर पर खुदाई कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन तक पहुंचने का कार्य शुरू किया गया। कर्मचारियों ने रिसाव रोकने और लाइन की मरम्मत के लिए आवश्यक तकनीकी कार्य तत्काल शुरू कर दिया।
पार्षद मंसूर बदर ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी प्राथमिकता क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अवकाश का दिन हो या कार्य दिवस, जनता की समस्याओं का समाधान समय पर होना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाइपलाइन की मरम्मत जल्द पूरी कर क्षेत्र में जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी तथा क्षतिग्रस्त सड़क की भी मरम्मत कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को निर्बाध पेयजल और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
मरम्मत कार्य के दौरान चौधरी नानू, पप्पू साहब, सोनू जैदी, बाबू भाई, हिलाल, शाहनवाज सलमानी, शाह हारून जुबैरी, सोनू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने अवकाश के दिन भी तत्काल कार्रवाई कराने पर पार्षद मंसूर बदर और नगर निगम की टीम का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत कार्य शुरू होने से बड़ी दुर्घटना की आशंका टल गई। अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही जलापूर्ति पूरी तरह बहाल होने के साथ सड़क की भी मरम्मत कर दी जाएगी।








