Saharanpur News: ‘ऑपरेशन सवेरा’ में बड़ी सफलता, 60 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

सहारनपुर के गंगोह में ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस ने 320 ग्राम स्मैक, अवैध तमंचा और कारतूस के साथ शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत करीब 60.40 लाख रुपये बताई गई है। पढ़ें पूरी खबर।

श्रवण शर्मा 

गंगोह  (सहारनपुर) । सहारनपुर पुलिस द्वारा जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत गंगोह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 320 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60.40 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में थाना गंगोह पुलिस रविवार को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खानपुर ताताहेड़ी चौराहे के पास पुलिस ने मुकरीम पुत्र इस्लाम निवासी ग्राम धलापड़ा, थाना गंगोह को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका एक साथी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर स्मैक की तस्करी करता है और दोनों स्वयं भी नशे के आदी हैं। उसने बताया कि बरामद स्मैक को आसपास के क्षेत्रों में बेचने के लिए मोटरसाइकिल से ले जाया जा रहा था। आरोपी ने यह भी बताया कि बरामद तमंचा वह अपनी सुरक्षा और लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से साथ रखता था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक भी पहुंचा जा सके।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर अपराधों के 17 से अधिक मुकदमे सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य