शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । भगवान जगन्नाथ रथयात्रा का उल्लास इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ देखने को मिलेगा। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा समिति ने 17 जुलाई को निकलने वाली विशाल रथयात्रा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति का दावा है कि इस बार यात्रा में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ आकर्षक झांकियां, संकीर्तन मंडलियां और विशेष धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
समिति के संयोजक मंडल ने प्रेसवार्ता में बताया कि रथयात्रा से पूर्व अग्रवाल धर्मशाला में वृंदावन से आए भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन और संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा महारानी को पारंपरिक विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
यात्रा संचालक प्रवेश धवन ने बताया कि 17 जुलाई को दोपहर 1 बजे रथयात्रा भगत सिंह चौक से प्रारंभ होकर मोरगंज बाजार, चौक फव्वारा, शहीदगंज चौकी, सराय, नेहरू मार्केट, घंटाघर, कोर्ट रोड, कलेक्ट्रेट चौराहा और दिल्ली रोड से होते हुए श्री हरि मंदिर पहुंचेगी। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, स्वागत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जाएगी।
समिति के संयोजक भारत करणवाल ने शहर के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ के रथ का रस्सा खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। उन्होंने सभी से यात्रा को सफल बनाने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया।
रथयात्रा समिति के अध्यक्ष संजय करणवाल ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियों के अलावा देश-विदेश से आए भक्तों द्वारा संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। विदेशी भक्तों का विशेष ट्रॉला भी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेगा। घंटाघर चौक पर भगवान को विशेष छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।
प्रेसवार्ता में मुकेश सेठी, संजीव शर्मा, रमी धवन, विनीत करणवाल, राजकुमार सैनी, अंकित करणवाल, नितिन करणवाल, अंकुश करणवाल, सुशांत बब्बर, किशन लाल, मोहित धीमान, नितिन ऋषि करणवाल, अंश करणवाल, नितेश करणवाल, विशाल करणवाल, दिलीप मल्होत्रा, अन्नू करणवाल तथा प्रचार मंत्री अंकित करणवाल सहित समिति के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। समिति ने शहरवासियों से धार्मिक उत्सव में सहभागी बनकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।








