Bijnor Kanwar Yatra 2026: 28 जुलाई से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन, 6 अगस्त से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद

बिजनौर में कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 जुलाई से ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा, जबकि 6 अगस्त से कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन बंद रहेगा। एसपी अभिषेक झा ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

बिजनौर। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर बिजनौर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 28 जुलाई से जिले में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा, जबकि 6 अगस्त से कांवड़ मार्गों पर सामान्य वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अंतिम डायवर्जन प्लान श्रद्धालुओं की संख्या, सड़क की स्थिति और स्थानीय यातायात को ध्यान में रखते हुए जल्द जारी किया जाएगा।

इस वर्ष 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि होने के कारण हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की भारी भीड़ बिजनौर से होकर गुजरेगी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उन प्रमुख मार्गों को चिह्नित किया है, जहां सबसे अधिक कांवड़ियों का आवागमन होता है। इन मार्गों पर सामान्य यातायात रोकने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

शनिवार को यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रस्तावित डायवर्जन मार्गों का निरीक्षण किया। यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि अंतिम ट्रैफिक प्लान को जल्द अंतिम रूप देकर 28 जुलाई से प्रभावी कर दिया जाएगा। इसके बाद 6 अगस्त से कांवड़ मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

कांवड़ यात्रा के दौरान बिजनौर-मंडावली (वाया मंडावर), बिजनौर-चांदपुर मार्ग, कोतवाली देहात-नूरपुर मार्ग, वालिया तिराहा से नजीबाबाद, नजीबाबाद-नगीना (वाया बुंदकी) तथा नहटौर-चांदपुर (वाया पैजनिया) मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन मार्गों के लिए वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी ट्रैफिक प्लान जारी होने के साथ सार्वजनिक की जाएगी।

एसपी ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और अपर पुलिस अधीक्षक (सिटी) डॉ. के.जी. सिंह ने सीओ आकांक्षा गौतम तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ कोतवाली से भागूवाला, कोटावाली और मंडावली क्षेत्र के कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिकारी मोटा महादेव स्थित स्वयंभू सिद्ध मंदिर पीठ भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

एसपी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई, सड़क समतलीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बिजली के खंभों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

सीसीटीवी निगरानी में होगी पूरी कांवड़ यात्रा

इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही बिजली के खंभों पर सुरक्षा के लिहाज से पन्नी लपेटने, मार्गों की नियमित सफाई, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

उधर, मोटा महादेव मंदिर के पुजारी शशिनाथ ने बताया कि 30 जुलाई से श्रावण मास की कांवड़ यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी लाखों शिवभक्त बिजनौर होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। ऐसे में सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य