शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ व्यापक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग मिशन मोड में कार्य पूरा करें।
बैठक में थानावार तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजकों से भी सुझाव लिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्ग को जोन और सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि हर व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके।
गड्ढामुक्त होगा कांवड़ मार्ग, बिजली सुरक्षा पर विशेष जोर
डीएम अरविंद कुमार चौहान ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त किया जाए। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें समय से पूरा कर सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री हटाई जाए। विद्युत विभाग को जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग करने, उन्हें पॉलीथीन से कवर करने तथा बिजली के खंभों पर कम से कम आठ फीट तक प्लास्टिक टेपिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही खंभों और पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने को भी कहा गया।
सीसीटीवी, सफाई और स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी मजबूत
पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नगर निगम और जिला पंचायत को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को झाड़ियों और गूलर के पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने के लिए कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम वैक्सीन उपलब्ध रखने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
डीजे और कांवड़ शिविरों के लिए तय होंगे सख्त मानक
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे संचालित होंगे। उनकी ऊंचाई और चौड़ाई तय सीमा के भीतर रहेगी तथा केवल धार्मिक भजन और गीत ही बजाए जाएंगे। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीतों पर रोक रहेगी।
कांवड़ शिविरों के आयोजकों को निर्देश दिए गए कि शिविरों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम, विद्युत सुरक्षा और अन्य सभी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। प्रशासन ने कहा कि अनुमति देने में अनावश्यक देरी नहीं होगी, लेकिन सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करना होगा।
रूट डायवर्जन और सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर
बैठक में कांवड़ यात्रा के लिए विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर आसपास के जिलों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहने और बेहतर समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कांवड़ शिविर आयोजक मौजूद रहे।








