शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर के व्यस्त घंटाघर क्षेत्र में एक बुजुर्ग की जेब से 50 हजार रुपये चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का शहर कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने पांच महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पूरी 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। पूछताछ में महिलाओं ने कबूल किया कि वे विभिन्न शहरों में भीख मांगने के बहाने घूमती हैं और मौका मिलते ही जेबकतरी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देती हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को थाना नकुड़ क्षेत्र के ग्राम दैदनौर निवासी सरजीत पुत्र ज्ञान सिंह ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि घंटाघर क्षेत्र में 3-4 अज्ञात महिलाओं ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए, तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया और यक्ष ऐप के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मंगलवार को पुलिस ने जुबली पार्क के निकट से पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोमवती, नैना, संध्या, सुरेखा और किरण के रूप में हुई, जो प्रतापगढ़ जनपद के थाना कुंडा क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती की रहने वाली हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 50 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न शहरों में घूम-घूमकर भीख मांगती हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जेब पर नजर रखती हैं। घंटाघर क्षेत्र में उन्होंने एक बुजुर्ग के कुर्ते की जेब में रुपये की गड्डी देखी और भीड़ का फायदा उठाकर 50 हजार रुपये निकाल लिए। बाद में सभी ने रकम बराबर-बराबर बांट ली थी। मंगलवार सुबह पुलिस ने उन्हें जुबली पार्क के पास से दबोच लिया और पूरी रकम बरामद कर ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी सक्रिय रहा है। गिरफ्तार महिलाओं के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
कोतवाली नगर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई पूरी कर दी है। पुलिस का कहना है कि शहर में जेबकतरी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।








