शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को नागरिकों ने सफाई, स्ट्रीट लाइट और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सफाई से संबंधित दो मामलों का मौके पर ही समाधान करा दिया गया। अन्य शिकायतों पर संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने जनसुनवाई के दौरान वार्ड-4 आनंद विहार निवासी देवेंद्र कुमार द्वारा नालियों की सफाई तथा वार्ड-19 गोपाल नगर निवासी नरेंद्र कुमार द्वारा गोपाल नगर के नाले की सफाई से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को मौके पर भेजा। निरीक्षण के बाद दोनों स्थानों पर सफाई कराकर शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
जनसुनवाई में वार्ड-25 न्यू उत्तम नगर (ग्वालिरा रोड) निवासी कबूल चंद ने खाली प्लॉट में कूड़ा डाले जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर अपर नगरायुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षक को स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा भविष्य में वहां कूड़ा फेंके जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा वार्ड-21 टैगोर गार्डन (पेपर मिल रोड) निवासी ऋषिपाल, वार्ड-32 नई बस्ती खानआलमपुरा निवासी अकरम तथा वार्ड-33 न्यू रूप विहार कॉलोनी के निवासी ने अपने-अपने क्षेत्रों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग की। अपर नगरायुक्त ने पथ प्रकाश विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अपर नगरायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद, महाप्रबंधक (जल) पुरुषोत्तम कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और संबंधित शिकायतों के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।








