शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत सहारनपुर में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन के बाद तैयार की गई प्रस्तावित मतदान स्थल सूची पर विस्तार से चर्चा की गई तथा राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां मांगी गईं।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय सत्यापन कराया गया है। जिन मतदान केंद्रों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन तथा कम मतदाता वाले केंद्रों का विलय करते हुए नई आलेख्य मतदान स्थल सूची तैयार की गई है। यह सूची पूर्व में सभी सांसदों, विधायकों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भेजी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक दल, जनप्रतिनिधि या संबंधित पक्ष को प्रस्तावित मतदान केंद्रों के संबंध में कोई सुझाव अथवा आपत्ति है तो वह 15 जुलाई 2026 तक लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की निष्पक्ष जांच कर 18 जुलाई तक अंतिम मतदान स्थल सूची तैयार की जाएगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि सहारनपुर नगर विधानसभा में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई एवं विधायक राजीव गुंबर की ओर से 40 मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं सहारनपुर देहात विधानसभा में दो, नकुड़ विधानसभा में विधायक मुकेश चौधरी द्वारा सात तथा देवबंद विधानसभा क्षेत्र में 33 बूथों के स्थानांतरण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
इन प्रस्तावों पर अन्य राजनीतिक दलों से भी आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि जिन बूथों के स्थानांतरण का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, उनका दोबारा गहन स्थलीय निरीक्षण किया जाए और निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि मतदान केंद्रों का निर्धारण पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप किया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सभी ईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, आम आदमी पार्टी के संजय कुमार जैन, अपना दल (एस) के राजकुमार पंवार, सांसद इमरान मसूद के प्रतिनिधि संदीप वर्मा, विभिन्न विधायकों के प्रतिनिधि तथा अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों के निर्धारण में मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षित पहुंच और निर्वाचन आयोग के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर निष्पक्षता के साथ विचार कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और मतदाता हितैषी बन सके।








