शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिले में उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को राज्य कर विभाग के सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों से जुड़े विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग बंधु और व्यापार बंधु की बैठक केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य उद्यमियों और व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक किसी शिकायत का पूर्ण निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक उसे एजेंडा से हटाया न जाए।
निवेश मित्र पोर्टल पर समय सीमा से अधिक लंबित मामलों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी प्रकरण निर्धारित अवधि से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। इस दौरान सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) के अधिकारियों से भी जवाब तलब किया गया।
नगर निगम से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने मैसर्स रिचा पैकिंग से आरती प्रिंटर्स तथा अम्बे इंडस्ट्रीज से रोहित गोदाम तक सड़क निर्माण के बाद नालियों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं देहरादून रोड स्थित ग्रीन लैंड कॉम्प्लेक्स के समीप सड़क, पथ प्रकाश और जल निकासी व्यवस्था के लिए स्वीकृत बजट के अनुसार कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग से जुड़े मामलों में सरसावा टोल, नकुड़ कट और गागलहेड़ी कट पर लगाए गए सांकेतिक बोर्डों की स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए गए। यूपीसीडा क्षेत्र पिलखनी में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए उपजिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। व्यापारी मुकुंद मनोहर गोयल ने डीएम आवास से सिविल अस्पताल के पीछे बन रही सड़क के बीच स्थित पंप स्टेशन को हटाने की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को भूमि चिन्हित कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
व्यापारी मोल्हड मल गर्ग ने गंगोह क्षेत्र में जलभराव और नालों की सफाई का मुद्दा उठाया, जिस पर संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं विधिक माप विज्ञान विभाग से जुड़े घटतौली के मामलों में जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी, राज्य कर विभाग के अधिकारी, जिला पंचायत, श्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आईआईए, सीआईएस, लघु उद्योग भारती, हौजरी एसोसिएशन सहित अनेक व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में उद्योग और व्यापार के अनुकूल वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि उद्यमियों और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।








